भुरकुंडा बाजार में दिनदहाड़े अपहरण से मचा हड़कंप, पुलिस ने अपहृत कमलेश ठाकुर को सकुशल छुड़ाया
रांची रिंग रोड पर पुलिस की घेराबंदी में पांच अपहरणकर्ता गिरफ्तार, स्विफ्ट कार और चार मोबाइल बरामद

रामगढ़ : जिले के भुरकुंडा बाजार में दिनदहाड़े एक व्यक्ति का अपहरण किए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। अपराधियों ने गणेश ज्वेलर्स के समीप से कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा (42 वर्ष) को कथित तौर पर मारपीट करते हुए सफेद रंग की स्विफ्ट कार में जबरन बैठाया और फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही वारदात में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पतरातु एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने बुधवार को बताया कि घटना 23 नवंबर 2026 की शाम करीब चार से पांच बजे के बीच हुई थी। इस संबंध में अपहृत की पत्नी रिंकू देवी ने भुरकुंडा ओपी में कांड संख्या 307/2026 दर्ज कराया था। एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की। पुलिस की बढ़ती दबिश के कारण अपहरणकर्ता कमलेश ठाकुर को रांची के पिठोरिया जंगल के समीप छोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीम ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद 24 नवंबर की रात रांची रिंग रोड स्थित मां कॉलेज (होसिर) के समीप घेराबंदी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
रांची और रामगढ़ के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपितों में रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पिस्का मोड़ लक्ष्मी नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार साव (31), सहदेव नगर ओटीसी मैदान निवासी राजमणि गुप्ता उर्फ बंटी (37), पंडरा निवासी रोशन कुमार सिंह (30) और घनश्याम सिंह (43) शामिल हैं। वहीं रामगढ़ जिले के बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत रसदा गांव निवासी पीयूष कुमार (21) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से अपहरण में प्रयुक्त सफेद मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार (जेएच 01 सीवी-4472) और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पैसों के विवाद और आपसी रंजिश की आशंका
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद और आपसी रंजिश की बात सामने आई है। आरोप है कि इसी विवाद के कारण कमलेश का पीछा कर उसका अपहरण किया गया। आरोपित उसे उरीमारी, बड़कागांव, केरेडारी और टंडवा होते हुए गुमला ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित रोशन कुमार सिंह का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ एटीएस थाना कांड संख्या 04/24, दिनांक 3 जुलाई 2024 का मामला दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।