झारखंड में नौकरशाही है हावी, मंत्री को करनी पड़ रही है खनन माफिया के खिलाफ छापामारी : आदित्य साहू
मेदिनीनगर में कारोबारी विनीत तिवारी की हत्या मामले में मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं किया जाना, बताता है कि पुलिस व्यवस्था लुंजपूंज है।

मेदिनीनगर (पलामू) : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने पलामू परिसदन में रविवार को पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार की चर्चा करते हुए कहा कि नौकरशाही राज्य में हावी है। इसका खुलासा खूद सरकार में शामिल वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के एक कदम से हुआ है।
उन्होंने खनन माफिया को पकड़ने के लिए पलामू जिले के छत्तरपुर में गत दिनों आधी रात को अवैध रुप से जंगल पहाड़ में उत्खनन कर रहे तत्वों के विरुद्ध छापामारी की थी। राज्य में कानून व व्यवस्था की हालत चिंताजनक है। हत्या, लूट, बलात्कार जैसे मामले में पुलिस पंगु बन गयी है। जिस उद्देश्य से झारखंड अलग राज्य बना था उसकी पूर्ति 26 साल के बाद भी नहीं हो पाई है। सरकार में शामिल लोगों के लिए यह दुर्भाग्य की बात है।
मेदिनीनगर में कारोबारी विनीत तिवारी की हत्या मामले में मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं किया जाना, बताता है कि पुलिस व्यवस्था लुंजपूंज है। यही नहीं पुलिस रिमांड में एक अभियुक्त चैनपुर के मंटू सिंह की पिटाई व उसमें अदालत की कड़ी टिप्पणी के खिलाफ दोषी पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होना, साफ है कि अपराधिक तत्वों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। इसके लिए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन जिम्मेदार हैं।
एक सवाल के जवाब में साहू ने कहा कि राममंदिर चढ़ावा चोरी में संलिप्त सभी आरोपी जेल जायेंगे। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार ऐसे मामलों में काफी संवेदनशील है। अब तक कई आरोपी जेल की हवा खा रहे हैं। कहा कि चंपत राय हों या अन्य ट्रस्टी, जांच के दायरे में दोषी होंगे तो अवश्य उन्हें अपने किए की सजा भाुगतनी होगी। मौके पर गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, बीडी राम, डॉ कुशवाहा शशिभूषण मेहता, अरुणा शंकर, जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, शशिभूषण भगत सहित कई भाजपा नेता उपस्थित थे।