बारात से लौट रही बस दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत, 50 से अधिक बराती घायल
बारात सुंदरपहाड़ी से लौट रही थी। इसी दौरान मालीपाड़ा गांव के समीप बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई

अमरापाड़ा, प्रतिनिधि। अमरापाड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारातियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 50 बराती घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारात सुंदरपहाड़ी से लौट रही थी। इसी दौरान मालीपाड़ा गांव के समीप बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना में मृतकों की पहचान आलेन मुर्मू (पिता- बजार मुर्मू) तथा राजेश टुडू (पिता- मुंशी टुडू), निवासी परियारदहा, महेशपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया, जहां कई लोगों का इलाज जारी है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।