असम विधानसभा चुनाव का आज थमेगा प्रचार, 9 अप्रैल को 2.5 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
बीजेपी-कांग्रेस समेत सभी दलों ने झोंकी ताकत, 722 उम्मीदवार मैदान में

रांची : 16वीं असम विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। निर्धारित आचार संहिता के अनुसार मंगलवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार पूरी तरह थम जाएगा। इसके बाद 9 अप्रैल को राज्य की 126 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। चुनाव को लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। सत्ताधारी भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए जोरदार प्रचार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई दिग्गज नेताओं ने जनसभाएं कर मतदाताओं को साधने का प्रयास किया। वहीं कांग्रेस भी पीछे नहीं रही। पार्टी नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खड़गे ने व्यापक प्रचार अभियान चलाकर मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश की। इसके अलावा एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी अल्पसंख्यक वोटरों को साधने के लिए प्रचार किया। इस चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें 663 पुरुष और 59 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। राज्य में कुल 2.5 करोड़ से अधिक मतदाता हैं जो 31,486 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज रही। अब सभी की नजरें 9 अप्रैल को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं जो असम की अगली सरकार का भविष्य तय करेगा।