गढ़वा के महुलिया मोड़ पर पथराव मामले में 80 नामजद समेत 400 अज्ञात पर केस, 14 गिरफ्तार
हवाई फायरिंग और लाठीचार्ज के बाद काबू में आई स्थिति, 25 से अधिक पुलिसकर्मी घायल

गढ़वा : जिले के महुलिया मोड़ पर गुरुवार शाम पुलिस पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 नामजद और 400 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अब तक 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि घटनास्थल से 24 बाइक भी जब्त की गई है। घटना की शुरुआत महुलिया गांव में हुए एक दर्दनाक हादसे से हुई जहां ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन स्थिति जल्द ही तनावपूर्ण हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस के पहुंचते ही भीड़ उग्र हो गई और अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान 25 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और जवान घायल हो गए जिन्हें तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने पहले हल्का बल प्रयोग किया लेकिन भीड़ के बेकाबू होने पर लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद भी जब हालात नियंत्रित नहीं हुए तो पुलिस ने हवाई फायरिंग की जिससे भगदड़ मच गई और भीड़ तितर-बितर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर हालात को शांत कराया। फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।