ताज़ा-ख़बर

खालसा प्रीमियर लीग का धमाकेदार आगाज, किंग्स XI पंजाब और टिनप्लेट सुपर किंग्स सेमीफाइनल में

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

रोमांचक मुकाबलों से गूंजा को-ऑपरेटिव मैदान, खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से बढ़ा उत्साह

खालसा प्रीमियर लीग का धमाकेदार आगाज, किंग्स XI पंजाब और टिनप्लेट सुपर किंग्स सेमीफाइनल में

जमशेदपुर : शहर के को-ऑपरेटिव मैदान में शुक्रवार को खालसा प्रीमियर लीग (केपीएल) का भव्य शुभारंभ हुआ। गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची द्वारा आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले ही दिन दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। शानदार प्रदर्शन के दम पर किंग्स इलेवन पंजाब, साकची और टिनप्लेट सुपर किंग्स ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। दिन का पहला मुकाबला टिनप्लेट सुपर किंग्स और जेम्को इलेवन के बीच खेला गया। जेम्को इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 75 रन बनाए जिसमें प्रिंस (18) और जगराज (15) ने अहम योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए टिनप्लेट सुपर किंग्स ने 6.3 ओवर में 78 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से राज (23) और मनजीत (21) ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। वहीं परम ने गेंदबाजी में 2 विकेट लेने के साथ बल्लेबाजी में भी योगदान दिया और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब, साकची ने गुरसिख क्रिकेट एसोसिएशन को 7 विकेट से हराया। गुरसिख टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 92 रन बनाए जिसमें आकाश (24) और मलकीत (18) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जवाब में किंग्स इलेवन पंजाब ने 7.2 ओवर में 95 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। ध्रुवपाल ने शानदार 40 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई और मैन ऑफ द मैच बने जबकि कीरत ने 25 रन का योगदान दिया। टूर्नामेंट का उद्घाटन गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के प्रधान सरदार निशान सिंह ने गुब्बारे उड़ाकर किया। उन्होंने कहा कि केपीएल जैसे आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देते हैं बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। टूर्नामेंट के तकनीकी निदेशक बलजीत संसोआ ने बताया कि फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा जिसमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एवं झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के महासचिव सौरव तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केपीएल के सफल आयोजन से खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर दर्शकों में भारी उत्सुकता बनी हुई है और आने वाले मैचों के और भी रोमांचक होने की उम्मीद जताई जा रही है।

इन्हें भी पढ़ें.