भू-धसान के कगार पर CCL का लंकेस्टर अस्पताल, दो भवन धंसे, 8 पंचायतों में दहशत - भाकपा माले ने खोला मोर्चा
सुरक्षा के लिए CCL गार्ड और होमगार्ड की तैनाती कर दी गई है

गिरिडीह : CCL गिरिडीह एरिया में मंगलवार अहले सुबह बड़ा भू-धसान हुआ है। भू-धसान की चपेट में बनियाडीह स्थित CCL का ऐतिहासिक लंकेस्टर अस्पताल आ गया। अस्पताल के दो भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनका एक बड़ा हिस्सा जमीन में धंस गया है।
सड़क और अस्पताल परिसर के बड़े भू-भाग में चौड़ी-चौड़ी दरारें आ गई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही CCL गिरिडीह एरिया के जीएम कन्हैया शंकर गैवाल, परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. परिमल सिन्हा और सिविल विभाग के रामाकांत सहित वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जीएम ने पूरे अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर एहतियातन पूरे इलाके को सील करने का निर्देश दिया है। सुरक्षा के लिए CCL गार्ड और होमगार्ड की तैनाती कर दी गई है। जीएम ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
लाखों लोगों की स्वास्थ्य सेवा पर संकट
बताया जाता है कि इस अस्पताल पर महेशलुंडी, करहरबारी, अगदोनी खुर्द, सीकदारडीह, चुंजका, परातडीह, जोगियाड, कोल्डीहा और बुढ़ियाखाद सहित आठ पंचायत/वार्ड के लाखों लोग निर्भर हैं। ऐसे में अस्पताल के बंद होने से गरीब मजदूरों के सामने स्वास्थ्य संकट खड़ा हो गया है। इस घटना को लेकर भाकपा माले के नगर सचिव राजेश सिन्हा ने CCL प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन को पहले से ही खतरे का अंदेशा था, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।
भाकपा माले ने पपरवाटांड़ में वर्षों से बंद पड़ी CCL डिस्पेंसरी में अस्पताल को तत्काल शिफ्ट करने, CCL क्षेत्र में पानी-बिजली की घोर किल्लत को दूर करने, महेशलुंडी पंचायत की जीवनरेखा कोलीमारंग चापाकल की मोटर 3 साल से खराब पड़ा है जिसे ठीक कराने, कोयला उत्पादन बढ़ाकर स्थानीय ट्रक मालिकों और युवाओं को रोजगार दिया जाए। सैकड़ों ट्रक खड़ी-खड़ी कबाड़ हो रही हैं। 50 होमगार्ड की तैनाती के बावजूद कोयला चोरी रुक नहीं रही है, इसमें सफेदपोशों की मिलीभगत बताया है, इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने का मांग की है। सिन्हा ने चेतावनी दी कि अगर प्रबंधन ने बुनियादी मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया तो भाकपा माले बनियाडीह में एक दिवसीय धरना देकर आंदोलन तेज करेगी।