लातेहार में JMM का जोरदार विरोध मार्च, CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन
CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, सड़क से सदन तक जारी रहेगा आंदोलन: बैजनाथ राम

लातेहार। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) लातेहार जिला समिति की ओर से सोमवार को जिला अध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव के नेतृत्व में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध मार्च एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम मुख्य रूप से उपस्थित रहे।दोपहर करीब तीन बजे झामुमो जिला कार्यालय से विरोध मार्च निकाला गया, जो शहर के मुख्य बाजार से होते हुए समाहरणालय के मुख्य द्वार तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली एवं उसकी स्वायत्तता को लेकर सवाल उठाए।
समाहरणालय के मुख्य द्वार के समीप सभा के बाद कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया।पुतला दहन के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम ने केंद्र की भाजपा सरकार पर संवैधानिक एवं संस्थागत व्यवस्थाओं की स्वायत्तता को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्षी दलों और मतदाताओं के बीच सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने मतदाता सूची से विपक्षी मतदाताओं के नाम हटाए जाने और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठाई जा रही आपत्तियों का भी उल्लेख किया। बैजनाथ राम ने कहा कि यदि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा शीघ्र नहीं होता है तो झामुमो इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगा।निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार ज्ञानेश कुमार ने 19 फरवरी 2025 को भारत के 26वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया था। आयोग चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए संवैधानिक प्राधिकरण है।
जिला अध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव ने कहा कि चुनाव आयोग की स्वायत्तता और मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी द्वारा उठाए जा रहे सवालों के समर्थन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो लोकतांत्रिक और जनहित के मुद्दों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगा।
कार्यक्रम में जिला सचिव बुद्धेश्वर उरांव, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष अरुण दूबे, जिला उपाध्यक्ष शम्शुल होदा, जिला कोषाध्यक्ष मनोज यादव, जिला प्रवक्ता सुशील कुमार यादव, जिला उपाध्यक्ष शीत मोहन मुंडा, महिला मोर्चा जिला कोषाध्यक्ष पूजा कुमारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रीना उरांव, केंद्रीय समिति सदस्य ममता देवी एवं जीरा देवी, सुदेश्वर उरांव, चंदवा प्रखंड अध्यक्ष मनोज चौधरी, सचिव सरफराज अहमद, बालूमाथ प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप गंझू, बरवाडीह प्रखंड अध्यक्ष शशिभूषण तिवारी, लातेहार प्रखंड अध्यक्ष आर्सेन तिरकी, बरियातू प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र गंझू, हेरहंज प्रखंड अध्यक्ष विजय उरांव, सचिव भोला यादव, अशोक यादव, लाल संजीत नाथ शाहदेव, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रंजीत उरांव, छात्र मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेंद्र उरांव, विलासी टोपनो, सौरभ श्रीवास्तव, नसीम अंसारी, शीला देवी, चंचला देवी, श्रीराम सिंह, रिंकु कच्छप, मो. एहसान, औरंगजेब खान, रामलाल रवि, सोनू सिंह, मनु सिंह, बीके गुप्ता, अरशद अंसारी एवं इनायत करीम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने झामुमो के समर्थन तथा चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। पार्टी नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में भी इस मुद्दे को लेकर विरोध जारी रहेगा।