ताज़ा-ख़बर

SIR और मतदाता सूची के मुद्दे पर झामुमो का प्रदर्शन, सरायकेला में CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन

रिपोर्ट: MANISH 8 घंटे पहलेझारखण्ड

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर झामुमो ने उठाए सवाल, राष्ट्रपति से CEC को हटाने की मांग

SIR और मतदाता सूची के मुद्दे पर झामुमो का प्रदर्शन, सरायकेला में CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन

सरायकेला : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सोमवार को सरायकेला जिला मुख्यालय स्थित गैरेज चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। जिला समिति के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने किया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची और SIR को लेकर नारेबाजी करते हुए अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। डॉ. शुभेन्दु महतो ने आरोप लगाया कि SIR के जरिए विपक्ष समर्थक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर जनता का विश्वास कायम रहना जरूरी है। उन्होंने राष्ट्रपति से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की अपील की। झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम नहीं छूटना चाहिए और एसआईआर की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र का मूल अधिकार है और इससे जुड़े किसी भी सवाल का समाधान निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए। वहीं केंद्रीय सदस्य गणेश महली ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर आम लोगों में जो सवाल उठ रहे हैं उनका स्पष्ट जवाब चुनाव आयोग और संबंधित प्रशासन को देना चाहिए। उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने तथा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की। झामुमो ने पांच सूत्री मांगें रखते हुए चुनाव आयोग की एकतरफा कार्यप्रणाली पर रोक, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के तत्काल सुधार, एसआईआर में योग्य मतदाताओं के नाम नहीं काटने, नागरिकों के लोकतांत्रिक एवं मताधिकार संबंधी अधिकारों की रक्षा तथा मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग की। प्रदर्शन में गुरु चरण मुखी, सुधीर महतो, रानी हेम्ब्रम, जिला सचिव वैद्यनाथ टुडू, भोला मोहंती, धरमु गोप, मनोज चौधरी, जन्नत हसन, शंभू आचार्य समेत बड़ी संख्या में झामुमो नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.