सीसीएल में स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन
प्रतिभागियों ने अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से विविध विषयों, भावनाओं और अनुभवों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।

रांची। राजभाषा माह–2026 के अंतर्गत 28 सितंबर 2026 को सीसीएल मानव संसाधन विकास विभाग के प्रकाश सभागार में स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सीसीएल मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से विविध विषयों, भावनाओं और अनुभवों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में रांची के प्रख्यात कवि एवं वरिष्ठ साहित्यकार श्री कुमार बृजेन्द्र तथा निर्मला महाविद्यालय, रांची की विभागाध्यक्ष डॉ. रेणु सिन्हा शामिल थीं। श्री कुमार बृजेन्द्र देश के विभिन्न राष्ट्रीय कवि मंचों पर सक्रिय रूप से उपस्थित रहे हैं तथा आकाशवाणी और दूरदर्शन से भी जुड़े रहे हैं। कविता एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव तथा डॉ. रेणु सिन्हा की साहित्यिक समझ का लाभ प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों के मूल्यांकन में मिला।
प्रतियोगिता में ढोरी क्षेत्र के सहायक प्रबंधक (खनन) श्री उज्ज्वल पाठक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महाप्रबंधक (पर्यावरण) सुश्री संगीता ने द्वितीय, बीएनके क्षेत्र के प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री आर. पी. यादव ने तृतीय, वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री सुष्मिता सहाय ने चतुर्थ तथा सीएसआर विभाग की उप प्रबंधक सुश्री पूजा प्रसाद ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
सीसीएल की ओर से श्री कुमार बृजेन्द्र का स्वागत महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) श्री फ़ैयाजुल हक़ ने तथा डॉ. रेणु सिन्हा का स्वागत महाप्रबंधक (पर्यावरण) सुश्री संगीता ने किया। कार्यक्रम का मंच संचालन राजभाषा विभाग की सुश्री पूजा सिंह एवं श्री रामाधार पांडेय ने किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. दिविक दिवेश ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
राजभाषा माह–2026 के अंतर्गत अब तक टिप्पण-आलेखन, प्रश्नोत्तरी, हिंदी निबंध, हिंदी टंकण एवं स्वरचित कविता पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा चुका है। इन आयोजनों में मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय और उत्साहपूर्ण भागीदारी रही है।
राजभाषा माह के अंतर्गत अब ‘राजभाषोत्थान’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। राजभाषा संवर्ग के कार्मिकों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से उन्हें अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित ज्ञान, अनुभव और प्रतिभा को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
राजभाषा माह–2026 के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से सीसीएल में हिंदी के प्रति उत्साह और रचनात्मक सहभागिता को नई ऊर्जा मिल रही है। मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों के कार्मिकों की निरंतर भागीदारी ने राजभाषा माह को व्यापक और जीवंत स्वरूप प्रदान किया है।