अटल सम्मान समारोह 2025 में शतकवीर ‘रक्त बाबा’ अरुण पाठक हुए सम्मानित, मानवता की सेवा को मिला राष्ट्रीय मंच
151 बार रक्तदान करने वाले जमशेदपुर के अरुण पाठक को अटल तिरंगा सम्मान, देशभर में गूंजा सेवा का संदेश

नई दिल्ली : देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृतियों को सहेजने के उद्देश्य से आयोजित अटल सम्मान समारोह 2025 का भव्य आयोजन दिल्ली के ऐतिहासिक एनडीएमसी हॉल में किया गया। इस गरिमामयी समारोह में समाज, राष्ट्र निर्माण और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शोभा आध्यात्मिक गुरु एवं परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज तथा सांसद मनोज तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति से और बढ़ गई। समारोह का सबसे प्रेरक क्षण तब आया जब जमशेदपुर के शतकवीर रक्तदाता अरुण पाठक (जिन्हें पूरे देश में रक्त बाबा के नाम से जाना जाता है) को मंच पर सम्मानित किया गया। अरुण पाठक ने अब तक 151 बार रक्तदान कर असंख्य जरूरतमंदों की जान बचाई है और मानवता की सेवा की एक अद्भुत मिसाल कायम की है। इस आयोजन में सैल्यूट तिरंगा संस्था की अहम भूमिका रही। संस्था की राष्ट्रीय समन्वयक एवं दिल्ली महिला विंग अध्यक्ष निशा सोलंकी ने कहा कि राष्ट्रसेवा और मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित व्यक्तित्वों को सम्मानित करना संस्था का लक्ष्य है। वहीं झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रवि शंकर तिवारी ने कहा कि अरुण पाठक को मिला यह सम्मान पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है।