चौपारण थाना प्रभारी ने प्रवचन मंच का उद्घाटन किया
कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्ति का ऐसा माहौल बना कि पूरा क्षेत्र जय शनिदेव के जयघोष से गूंज उठा।

चौपारण(हजारीबाग): प्रखंड अंतर्गत जवनपुर पंचायत के ग्राम मध्यगोपाली में आयोजित श्री श्री 108 श्री शनिदेव जयंती सह षष्ठम वार्षिक महोत्सव के द्वितीय दिन संध्या प्रवचन मंच का भव्य उद्घाटन चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्ति का ऐसा माहौल बना कि पूरा क्षेत्र जय शनिदेव के जयघोष से गूंज उठा।
महोत्सव के दौरान थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ सनातन संस्कृति को भी मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि मध्यगोपाली के लोगों का यह प्रयास पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। उद्घाटन के बाद प्रवचनकर्ता सह आचार्य श्री नंदकिशोर पांडेय जी महाराज ने अपने मधुर प्रवचन से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और मानव जीवन के मूल्यों का संदेश दिया। प्रवचन के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।
समारोह के अध्यक्ष मोहन यादव ने बताया कि विगत छह वर्षों से गांव के ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों के सहयोग से शनिदेव जयंती महोत्सव का सफल आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।कार्यक्रम का संचालन समारोह सचिव सियाराम कुमार भारती ने किया।
मौके पर आचार्य नंदकिशोर पांडेय जी महाराज को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया, वहीं समारोह अध्यक्ष मोहन यादव को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खूबलाल साव, रंजीत प्रजापति, भरत सिंह, युगलकिशोर साव, बसंत राणा, कैलाश साव, जगदीश साव, सीताराम साव, कमलेश पांडे, मीरा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, पुजारीगण और श्रद्धालु उपस्थित थे।