जादूगोड़ा में नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ, घाटों पर तैयारियां पूरी
चार दिनों तक सूर्योपासना में लीन रहेंगे श्रद्धालु, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

रिपोर्ट : सौरभ कुमार
जादूगोड़ा : लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक महापर्व छठ शुक्रवार 13 नवंबर 2026 को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में श्रद्धालु भगवान सूर्यनारायण और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करेंगे। जादूगोड़ा नगरी में छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। यहां पर्व की तैयारियां लगभग एक महीने पहले से शुरू हो जाती हैं। छठ पर्व की खासियत केवल घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और सूर्य को अर्घ्य देने के दृश्य तक सीमित नहीं है। इसके पीछे लंबे समय से चलने वाली तैयारियां, सामूहिक श्रम और लोगों का समर्पण भी जुड़ा है। जादूगोड़ा में बड़े-बुजुर्गों से लेकर युवा तक घाटों की सफाई, मिट्टी से लीपाई-पोताई, रास्तों की व्यवस्था और पूजा स्थलों को स्वच्छ रखने में जुटते हैं। पर्व के दौरान नरवा पुल छठ घाट, शिव मंदिर घाट, ईंटाभट्टा धर्मडी घाट और इचड़ा छठ घाट पर श्रद्धालुओं की विशेष भागीदारी रहती है। छठ पूजा की तैयारियों में प्रसाद की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसके लिए गेहूं की धुलाई, सुखाई और पिसाई की प्रक्रिया सावधानीपूर्वक पूरी की जाती है। परिवार के सदस्य इस बात का ध्यान रखते हैं कि प्रसाद किसी पक्षी या अन्य जीव-जंतु के संपर्क में आकर दूषित न हो। छठ का प्रमुख प्रसाद ठेकुआ है, जिसे पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ तैयार किया जाता है। इसके अलावा कचवनिया, ईख, चना, गुड़, हल्दी, नारियल, संतरा, घाघर, अनानास सहित विभिन्न फल और पूजन सामग्री भगवान सूर्यनारायण को अर्पित की जाती हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की। इस दिन घरों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए परंपरा के अनुसार लौकी की सब्जी, चावल और चने की दाल तैयार की जाती है। शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर पूजा करेंगी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। रविवार 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। खरना के बाद व्रतियों के घाटों तक पहुंचने की तैयारियां तेज हो जाएंगी। जिन रास्तों से व्रती गुजरेंगे, वहां स्थानीय लोग साफ-सफाई करेंगे। कई स्थानों पर रंगोली बनाकर उनका स्वागत किया जाएगा। परिवार और परिचित दऊरा, सूप, दीपक, ईख, केला और अन्य पूजन सामग्री लेकर छठ घाटों की ओर प्रस्थान करेंगे। इस दौरान छठ गीतों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठेगा। छठ महापर्व का एक महत्वपूर्ण पक्ष सामाजिक समानता और सामूहिक सहभागिता भी है। जादूगोड़ा के छठ घाटों पर जाति, धर्म, ऊंच-नीच और आर्थिक स्थिति का भेद आस्था के सामने गौण हो जाता है। हर वर्ग के लोग श्रद्धा के साथ व्रतियों से प्रसाद ग्रहण करते हैं और व्रती भी प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरित करती हैं। यही परंपरा इस पर्व को सामाजिक एकता का प्रतीक बनाती है। भारतीय धार्मिक परंपरा में सूर्य को ऊर्जा, प्रकाश और जीवन का आधार माना गया है। छठ पर्व के माध्यम से श्रद्धालु प्रकृति की इस शक्ति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। संध्याकाल में व्रती जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देते हैं और अगले दिन सूर्योदय से पहले घाट पहुंचकर उदीयमान सूर्य की प्रतीक्षा करते हैं। सूर्य उदय होने पर अर्घ्य अर्पित कर परिवार, संतान और समाज के कल्याण की कामना की जाती है। इस दौरान महिलाओं के नाक से लेकर माथे तक सिंदूर लगाने की पारंपरिक शैली भी आकर्षण का केंद्र रहती है। छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, स्वच्छता, पारिवारिक एकता, सामाजिक समानता और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देने वाला पर्व है। जादूगोड़ा में भी चार दिनों तक श्रद्धा और परंपरा का यह उत्सव सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया जाएगा।