ताज़ा-ख़बर

उदयीमान सूर्य को अर्ध्य देने के साथ श्रद्धा व भक्ति के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ

रिपोर्ट: Shailendra Tiwary14 घंटे पहलेझारखण्ड

तालाबों व जलाशयों पर छठव्रतियों व श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

उदयीमान सूर्य को अर्ध्य देने के साथ श्रद्धा व भक्ति के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ

मेदिनीनगर (पलामू) : लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही जिले भर में धूमधाम व श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हो गया। चार दिवसीय महाव्रत के अंतिम दिन सुबह से ही विभिन्न नदियों के घाटों, तालाबों व जलाशयों पर छठव्रतियों व श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत तोड़ने से पहले सरोवर में खड़े होकर उदीयमान सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया।

इस दौरान घाटों पर पारंपरिक छठ गीत गूंजते रहे। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भक्तों ने छठी मैया व भगवान सूर्य से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और आरोग्य की कामना की। जिला प्रशासन व विभिन्न छठ पूजा समितियों ने पर्व को सफल बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। घाटों की सफाई, रोशनी की व्यवस्था व सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

महापर्व ने जिले को स्वच्छता व पवित्रता का भी संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने घाटों की सफाई व सजावट में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छठ के समापन के साथ ही अगले वर्ष इस पर्व के फिर आने तक सभी ने सुख-शांति की कामना के साथ अपने घरों की ओर प्रस्थान किए।

इन्हें भी पढ़ें.