अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने जताया शोक
चंपाई सोरेन, दुलाल भुईयां, बड़कुंवर गागराई और बुधराम लागुरी ने भी दी श्रद्धांजलि, परिवार के प्रति प्रकट की संवेदना

जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा के निधन पर राज्य के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर मिलने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सायरा मुंडा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने शोक संदेश में अर्जुन मुंडा को बड़े भाई के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि उनकी माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में अर्जुन मुंडा और उनके समस्त परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी शोक संदेश जारी कर अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मां का साथ छूटना जीवन की सबसे बड़ी और अपूरणीय क्षति होती है। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही दिवंगत आत्मा को अंतिम जोहार अर्पित किया। पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने सायरा मुंडा के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि मां का निधन परिवार के लिए ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उन्होंने अर्जुन मुंडा सहित पूरे परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। पश्चिमी सिंहभूम के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि मां का रिश्ता दुनिया में सबसे बड़ा और अनमोल होता है। मां का स्नेह, त्याग और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने अर्जुन मुंडा और उनके परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। वहीं आदिवासी मुंडा समाज विकास समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झामुमो जिला प्रवक्ता, पश्चिमी सिंहभूम बुधराम लागुरी ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत माता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मां ममता, त्याग, संस्कार और निःस्वार्थ प्रेम की प्रतीक होती हैं। उनका बिछुड़ना संतान के जीवन में ऐसी कमी छोड़ जाता है जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता। सायरा मुंडा के निधन पर जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक संवेदनाएं प्रकट की हैं।