गिरिडीह में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, घर में घुसकर ससुर और बहू की हत्या
खावा गांव में टांगी से हमले की आशंका, पुराने विवाद को बताया जा रहा घटना का कारण, ग्रामीणों ने वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग की

गिरिडीह : जिले के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत खावा गांव में सोमवार को एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय शुकर मंडल और उनकी बहू शीला देवी (पति जितेंद्र मंडल) के रूप में हुई है। दोनों की हत्या उनके घर में घुसकर किए जाने की बात सामने आई है। घटना के पीछे पुराना विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों के अनुसार मध्यरात्रि के बाद एक व्यक्ति घर में दाखिल हुआ था। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि विवाद के दौरान आरोपी और शुकर मंडल के बीच झगड़ा हुआ जो बढ़ते-बढ़ते घर के बाहर तक पहुंच गया। इसी दौरान व्यक्ति ने कथित रूप से टांगी से शुकर मंडल पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि ससुर पर हमला होते देख शीला देवी उन्हें बचाने के लिए बीच में आईं। आरोप है कि हमलावर ने पहले शुकर मंडल और फिर उनकी बहू पर हमला कर दिया जिससे दोनों की मौत हो गई। हालांकि घटना के कारणों और इसमें शामिल व्यक्ति की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने पर एसपी डॉ. बिमल कुमार ने डीएसपी आरके राणा को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। डीएसपी ने पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद सब-इंस्पेक्टर सोनू कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी की। हालांकि घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव कब्जे में लेने से रोक दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक वरीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक आगे की कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी। डीएसपी आरके राणा ने दो लोगों की हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।