लुगू बुरु राजकीय महोत्सव में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रण
आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, 22 से 24 नवंबर तक होगा तीन दिवसीय महोत्सव

बोकारो : ललपनिया में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को उनसे मुलाकात कर औपचारिक निमंत्रण सौंपा। यह मुलाकात कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई। इस दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को महोत्सव की तैयारियों, कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन को लेकर की जा रही प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आयोजन समिति को महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और अपनी मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। प्रतिनिधिमंडल में अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और सदस्य लुदू मांझी शामिल थे। उल्लेखनीय है कि ललपनिया में आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव 22 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर तक चलेगा। आयोजन को लेकर समिति और जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।