लिलिपुट स्कूल में बच्चों ने परीक्षा के साथ किया पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक संकल्प लिया कि वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ इन पौधों की देखभाल भी नियमित रूप से करेंगे।

मेदिनीनगर (पलामू) : स्थानीय लिलिपुट स्कूल में सोमवार से मिड टर्म परीक्षाओं की शुरुआत हुई। परीक्षा के पहले दिन विद्यालय परिसर में शैक्षणिक अनुशासन के साथ- साथ पर्यावरण संरक्षण की एक अनूठी पहल भी देखने को मिली। परीक्षा शुरू होने से पूर्व विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के ऑर्नामेंटल पौधे रोपे गए।
स्कूल की चेयरपर्सन रेणु गोयल ने कहा कि तनावमुक्त व सकारात्मक माहौल में परीक्षा देने से बच्चों का प्रदर्शन बेहतर होता है। साथ ही हरियाली से भरा वातावरण विद्यार्थियों को नई ऊर्जा व एकाग्रता प्रदान करता है ।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह डिप्टी डायरेक्टर अनुज सिंह ने परीक्षा व पौधारोपण के बीच गहरा संबंध बताते हुए कहा कि जिस तरह एक नन्हे पौधे की देखरेख, खाद व पानी से वह आगे चलकर एक फलदायी वृक्ष बनता है, ठीक उसी तरह विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत और परीक्षा रूपी मूल्यांकन उनके सुनहरे भविष्य की नींव तैयार करता है। परीक्षा जहां बच्चों के मानसिक व बौद्धिक विकास को परखती है, वहीं पौधारोपण उनके भीतर प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव जगाता है।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक संकल्प लिया कि वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ इन पौधों की देखभाल भी नियमित रूप से करेंगे। स्कूल के डायरेक्टर राजीव गोयल ने कहा कि परीक्षा केवल अंकों की दौड़ नहीं, बल्कि बच्चों के मानसिक और नैतिक विकास का अवसर है। ज्ञान के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना ही सच्ची शिक्षा है।