अपराध व अपराधियों पर रहेगी पलामू पुलिस की कड़ी नजर, आम व्यक्ति खूद महसूस करें पुलिस की कार्यप्रणाली : पुलिस अधीक्षक
थाना स्तर पर समाधान नहीं हुआ तो थानेदार होंगे जवाबदेह

रिश्वत का मामला प्रूफ सहित सरकारी व्हाट्सएप पर भेजें, होगी त्वरित करवाई मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने पुलिसिंग के तौर-तरीकों को लेकर स्पष्ट संकेत दिए हैं। एक खास बातचीत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध व अपराधियों पर पलामू पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना सर्वोच्च प्राथमिकता में है। पलामू पुलिस का कार्य ऐसा होगा, जिसे बताने की जरूरत नहीं, बल्कि आम जनता स्वयं उसके प्रभाव को महसूस करेगी।
उन्होंने कहा कि यदि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को थाना व अनुमंडल स्तर से आगे बढ़कर एसपी कार्यालय तक आना पड़े तो यह कहीं न कहीं कार्यप्रणाली में कमी के संकेत है। कहा कि जिन थानों से सबसे अधिक शिकायतें उनके पास पहुंचेंगी, उन्हें गंभीरता से लिया जाएगा। संबंधित थाना प्रभारियों से सीधे जवाब मांगा जाएगा। यह देखा जाएगा कि किस स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। आखिर लोग उच्च कार्यालयों तक क्यों पहुंचने को विवश हैं। जमीनी स्तर पर निष्पक्ष ढंग से काम होगा तो शिकायत करने वाले दोनों पक्षों में से किसी की शिकायत नहीं रहेगी। बावजूद इसके अगर कोई मामला आएगा तो पलामू के उपायुक्त व संबंधित अंचल अधिकारी से मिलकर प्रभावी कदम उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारियों से कहा है कि जमीन संबंधी विवादित मामले का एक रजिस्टर बनाएं व संधारण करें। कहा कि पुलिसिंग का असली उद्देश्य आम लोगों को राहत देना है, न कि उन्हें अनावश्यक रूप से भटकाना व लटकाना। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें। हर शिकायत का निष्पादन प्राथमिक स्तर पर ही सुनिश्चित करें।
रिश्वतखोरी के मुद्दे पर पुलिस अधीक्षक ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं करेंगे। यदि किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ रिश्वत लेने या मांगने का प्रमाण सरकारी व्हाट्सएप पर मिलेगा तो उसके खिलाफ त्वरित व सख्त कार्रवाई होगी। कहा कि पुलिस की साख को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
पुलिस अधीक्षक चौधरी ने कहा कि वे फिलहाल जिले की परिस्थितियों को समझने में लगे हैं। लेकिन जहां भी खामियां नजर आएंगी, वहां त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। शिकायतों के निपटारे के लिए एक तय व्यवस्था है। इसे प्रभावी बनाया जाएगा। डायल 112 सेवा को सशक्त किया जाएगा । लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाएगा। ताकि आपात स्थिति में लोगों को तत्काल पुलिस सहायता मिल सके। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर उनकी बातें नहीं सुनी जाती है, तो वे नीचे पदाधिकारी से उच्च अधिकारियों तक क्रमवार शिकायत रखें। इससे उचित कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा कि वे परिणाम आधारित कार्यशैली में विश्वास रखते हैं। जरूरत पड़ने पर वे स्वयं भी मैदान में उतरकर स्थिति का जायजा लेंगे। उनका लक्ष्य पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जिम्मेदार व जनोन्मुख बनाना है। इससे जनता का विश्वास पलामू पुलिस के प्रति मजबूत हो सके।