झारखंड कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को बताया राजनीति से प्रेरित, कहा- 'राज्य की वित्तीय स्थिति मजबूत'
बीजेपी के आरोपों पर कांग्रेस का पलटवार: 'राजकोष कंगाल' का दावा निराधार"

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बीजेपी के आरोपों का कड़ा जवाब देते हुए इसे राजनीति से प्रेरित और तथ्यों से परे बताया है। शाहदेव ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है कि कुछ तकनीकी दिक्कतों और पोर्टल के अपडेट प्रक्रिया में रहने के कारण थोड़ी परेशानी हुई है, लेकिन खजाना खाली होने का आरोप पूरी तरह निराधार है।
शाहदेव ने कहा, "झारखंड देश के उन राज्यों में टॉप पर है जिनकी फिजिकल हेल्थ रैंकिंग उत्कृष्ट है। राज्य की गिनती उन राज्यों में भी होती है जो अपने आंतरिक संसाधनों के माध्यम से सरप्लस बजट वाला राज्य रहा है। इसके बावजूद खजाना खाली होने का निराधार आरोप लगाकर बीजेपी नेता लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।"
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि गठबंधन सरकार और वित्त विभाग की सक्रियता के कारण राज्य की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ हुई है। संसाधन अब बिचौलियों के बजाय सीधे जनता तक पहुंच रहे हैं, जिससे बीजेपी बौखला गई है। उन्होंने कहा, "विपक्ष के पास सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का कोई ठोस काट नहीं है, इसलिए वे केवल सनसनी फैलाने और संवैधानिक विभागों की छवि धूमिल करने के लिए ऐसे बेबुनियाद दावे कर रहे हैं।"
शाहदेव ने तंज कसते हुए कहा, "बीजेपी आज जिन घोटालों या वित्तीय कुप्रबंधन की बात कर रही है, वह उनके अपने शासनकाल की यादें हैं। जो पार्टी खुद सत्ता में रहते हुए राज्य की तिजोरी को लूटने के लिए जानी जाती रही है, उसे आज सुशासन पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।"
उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र से मिलने वाला फंड राज्य का संवैधानिक अधिकार है, न कि कोई उपकार। बीजेपी केंद्र सरकार की विफलता और संवैधानिक दायित्वों में देरी को राज्य सरकार के माथे मढ़कर जनता को भ्रमित करना चाहती है।