राजकोष कंगाल, सिस्टम बेहाल: हेमंत सरकार पर बीजेपी का हमला
कर्मचारियों को वेतन नहीं, लेकिन मुख्यमंत्री के शीश महल के लिए 100 करोड़ का बजट : प्रतुल शाह देव

रांची: झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने राज्य सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के शीश महल के लिए 100 करोड़ का बजट है। प्रतुल ने कहा कि 26 वर्षों में पहली बार हुआ है कि किसी महीने के ग्यारहवें दिन भी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है।
प्रतुल ने बताया कि सरकार के वेतन पर सीधे तौर पर 2,35,930 अधिकारी और कर्मचारी हैं, जबकि संविदा कर्मी और आउटसोर्स कर्मियों की संख्या लगभग 40,000 से 45,000 के आसपास है। यानी कुल 2,75,000 लोगों को 11 तारीख बीतने के बाद भी पैसा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि करीब 15 लाख लोग इन वेतन भोगियों पर आश्रित हैं, जिनके बीच राशन का लाला पड़ गया है, बच्चे की फीस नहीं दे पा रहे, ईएमआई नहीं भर पा रहे हैं और घर की पूरी अर्थव्यवस्था बैठ गई है।
प्रतुल ने सरकार से प्रश्न किया कि क्या हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर झारखंड की सरकार भी वेतन देने के लिए कर्ज लेने जा रही या किसी एडवांस का इंतजार कर रही है? उन्होंने कहा कि आमतौर पर नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में दो-तीन दिनों में बजट को राजपाल की स्वीकृति के बाद 5 अप्रैल तक भुगतान होता रहा है, लेकिन इस बार सरकार के वित्तीय मिसमैनेजमेंट के कारण पैसा ही नहीं है।