ताज़ा-ख़बर

राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए कांग्रेस को 10.08 लाख में मिला इंदौर का रीजनल पार्क मैदान

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेदेश

तीन दिन के लिए 50 हजार वर्गफीट जमीन, IDA ने मांगे 10.08 लाख रुपये.. कांग्रेस ने जमा की राशि

राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए कांग्रेस को 10.08 लाख में मिला इंदौर का रीजनल पार्क मैदान

इंदौर : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने रीजनल पार्क मैदान में आयोजन की अनुमति देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कांग्रेस को कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने करीब 50 हजार वर्गफीट जमीन तीन दिनों के लिए उपलब्ध कराई गई है। इसके एवज में आईडीए ने कांग्रेस से 10 लाख 8 हजार रुपये जमा कराने को कहा था। कांग्रेस ने राशि आरटीजीएस के माध्यम से आईडीए के खाते में जमा कर दी है। आईडीए की ओर से शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे को भेजे गए पत्र में बताया गया कि 50 हजार वर्गफीट भूमि के अस्थायी लीज के लिए प्रतिदिन 2 लाख 84 हजार रुपये की दर निर्धारित की गई है। तीन दिनों के लिए मैदान का किराया 8 लाख 52 हजार रुपये बैठता है। इसके अलावा करीब डेढ़ लाख रुपये जीएसटी जोड़े जाने के बाद कुल राशि 10 लाख 8 हजार रुपये निर्धारित की गई। पत्र में स्पष्ट किया गया था कि राशि जमा करने के बाद ही आयोजन की अनुमति जारी की जाएगी। कांग्रेस की ओर से बताया गया है कि निर्धारित राशि जमा कर दी गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के अनुसार 17, 18 और 19 सितंबर के लिए मैदान लिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब अनुमति को लेकर कोई समस्या नहीं होगी और मंगलवार को आधिकारिक रूप से अनुमति मिल जाएगी। इस बीच राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस संगठन भी सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आवास पर प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की मौजूदगी में कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्था और आयोजन को सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में कार्यक्रम स्थल के लिए आईडीए को 10 लाख 8 हजार 175 रुपये जमा करने का निर्णय लिए जाने की भी जानकारी सामने आई। कांग्रेस ने इसके लिए पहले ही मैदान आवंटन को लेकर आवेदन किया था। पार्टी की ओर से आयोजन स्थल को भारत जोड़ो मैदान नाम दिए जाने की बात कही गई है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार आयोजन में विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए सुबह से रात तक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी रखी जा रही है। वहीं कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेना भी जरूरी होगा। आईडीए ने आयोजनकर्ताओं को मैदान के उपयोग के साथ-साथ सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने की शर्त भी रखी है। अब कांग्रेस की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही हैं और आधिकारिक अनुमति मिलने के बाद कार्यक्रम की रूपरेखा को और गति मिलने की उम्मीद है।

इन्हें भी पढ़ें.