बेतला की प्राकृतिक सुंदरता से अभिभूत हुए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के. राजू
बोले- पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है बेतला

बरवाडीह(लातेहार): झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू ने अपने पलामू प्रमंडल दौरे के क्रम में शनिवार को बेतला का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक पलामू किला, कमलदह झील तथा बेतला नेशनल पार्क सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का अवलोकन किया और यहां की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखा।भ्रमण के बाद प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि बेतला प्राकृतिक, ऐतिहासिक और वन्य पर्यटन का अनूठा संगम है।
यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के समन्वित प्रयासों से इस क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने लोगों से बेतला जैसे खूबसूरत पर्यटन स्थल का भ्रमण करने की अपील की।जिला कांग्रेस अध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि बेतला सहित आसपास के सभी पर्यटन स्थलों के समुचित विकास की आवश्यकता है।
बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद सईद ने कहा कि बेतला का ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्व पूरे देश में प्रसिद्ध है। यदि इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तो यहां देश-विदेश से पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।मौके पर कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।