कांग्रेस: महिला आरक्षण बिल पर हम नहीं हैं विपक्ष में, मुद्दा है परिसीमन
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा, कांग्रेस महिला आरक्षण की पक्षधर, लेकिन 2011 की जनगणना पर परिसीमन अस्वीकार्य

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है। उनका कहना है कि असली विवाद लोकसभा और विधानसभा सीटों के परिसीमन को लेकर है, जो 2011 की जनगणना के आधार पर किया जा रहा है।
शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि महिला आरक्षण बिल जल्द से जल्द पारित हो और इसमें महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिले, जैसा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पहल से जिला और ग्राम पंचायतों में हुआ था। उन्होंने कहा कि यह बिल कांग्रेस की पहल थी और इसमें सभी दलों के सहयोग की आवश्यकता है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह सरकार हर चीज़ को एक इवेंट बना देती है, लेकिन महिला आरक्षण बिल पर बीजेपी को यह स्वीकार करना चाहिए कि इसमें सभी दलों का सहयोग जरूरी था और यह केवल उनके प्रयासों से नहीं हुआ।
शाहदेव ने यह भी कहा कि विपक्षी दलों की आशंका है कि 2011 की जनगणना पर आधारित परिसीमन उनके अधिकारों का हनन कर सकता है। इसलिए नए परिसीमन से पहले सर्वदलीय बैठक के माध्यम से सभी राजनीतिक दलों को विश्वास में लेना चाहिए।