जमशेदपुर में खालसा प्रीमियर लीग का जलवा, फाइनल में शिरकत करेंगे स्टार क्रिकेटर सौरभ तिवारी
करण के तूफानी शतक से टिनप्लेट सुपर किंग्स फाइनल में, केपीएल में रोमांच चरम पर, जुगसलाई सिंग्स XI और खालसा वारियर्स XI सेमीफाइनल में, रविवार को होगा खिताबी मुकाबला

जमशेदपुर : शहर के को-ऑपरेटिव मैदान में चल रहे खालसा प्रीमियर लीग (केपीएल) में शनिवार को रोमांच अपने चरम पर रहा। दिनभर खेले गए मुकाबलों में जहां टिनप्लेट सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली वहीं जुगसलाई सिंग्स XI और खालसा वारियर्स XI ने भी दमदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। अब सभी की नजरें रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं जहां खिताब के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में जुगसलाई सिंग्स XI ने गत विजेता गबरू टीम को 6 विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की। गबरू टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 69 रन बनाए जिसमें गोविंदा (34) और जगदीप (17) ने अहम योगदान दिया। जवाब में जुगसलाई टीम ने 6.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। सतनाम (24) और चरणजीत (28) की पारियों ने टीम को जीत दिलाई। तरनदीप ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। दूसरे मुकाबले में खालसा वारियर्स XI ने खालसा क्रिकेट क्लब (कोलकाता) को 19 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वारियर्स ने 8 ओवर में 115 रन बनाए। मनप्रीत और करणपाल ने 38-38 रनों की तेज पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता की टीम 96 रन ही बना सकी। मनप्रीत को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दिन का सबसे बड़ा आकर्षण सेमीफाइनल मुकाबला रहा जहां टिनप्लेट सुपर किंग्स ने किंग्स XI पंजाब को एकतरफा मुकाबले में 85 रनों से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। टिनप्लेट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 173 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस पारी के हीरो रहे करण जिन्होंने मात्र 26 गेंदों पर 12 छक्कों की मदद से विस्फोटक 100 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स XI पंजाब की टीम 8 ओवर में 88 रन ही बना सकी। प्रिंस (23) और दिलशु (20) ने संघर्ष जरूर किया लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। टिनप्लेट की ओर से अनमोल और परमवीर ने प्रभावी गेंदबाजी की। करण को उनकी ऐतिहासिक शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एवं झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के महासचिव सौरव तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। केपीएल के इस रोमांचक सफर ने खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है और अब सभी को फाइनल मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।