ताज़ा-ख़बर

बार-बार जल रहा आदर्श नगर का ट्रांसफार्मर, व्यावसायिक संघ के पहल पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जगह पर बनी सहमति

रिपोर्ट: अभय कुमार9 घंटे पहलेझारखण्ड

200 केवीए ट्रांसफार्मर पर बढ़ते भार से बढ़ी परेशानी, स्थाई समाधान की मांग

बार-बार जल रहा आदर्श नगर का ट्रांसफार्मर, व्यावसायिक संघ के पहल पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जगह पर बनी सहमति

बरवाडीह । बरवाडीह के आदर्श नगर स्थित 200 केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर पर लगातार बढ़ते लोड के कारण क्षेत्र में बार-बार तकनीकी खराबी और बिजली बाधित होने की समस्या गहराती जा रही है। रविवार को एक बार फिर ट्रांसफार्मर में खराबी आने के बाद आग लग गई, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई और स्थानीय लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने से ट्रांसफार्मर से जुड़े कई केबल और तार क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे तक मरम्मत कार्य चलाकर क्षतिग्रस्त हिस्सों को बदला गया तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल मरम्मत से समस्या का समाधान संभव नहीं है और बढ़ते भार को देखते हुए स्थायी व्यवस्था जरूरी हो गई है।

व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने बताया कि आदर्श नगर क्षेत्र में लंबे समय से एक ही ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक दबाव बना हुआ है, जिसके कारण बार-बार खराबी और बिजली संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक संघ की मांग पर चतरा सांसद की पहल से क्षेत्र में एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, ताकि बिजली भार का संतुलन बनाया जा सके और समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके। हालांकि अब तक उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापना का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। लेकिन अब इस दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। व्यावसायिक संघ की पहल और स्थानीय लोगों के साथ चर्चा के बाद ट्रांसफार्मर स्थापना के लिए जगह को लेकर बनी असमंजस की स्थिति समाप्त हो गई है तथा स्थान को लेकर सहमति बन गई है।

स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि अब बिना देरी किए तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शुरू किया जाए, ताकि बार-बार ट्रांसफार्मर जलने और बिजली बाधित होने की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। दीपक राज ने कहा कि लगातार ओवरलोड की स्थिति भविष्य में बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में प्रशासन और विद्युत विभाग को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए।

इन्हें भी पढ़ें.