मंगरा में अंडरपास निर्माण को मिली रफ्तार, चिरमिरी रेल लाइन परियोजना पर भी जल्द शुरू होगा काम : सांसद कालीचरण सिंह
सांसद ने क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए बताया कि बरवाडीह-चिरमिरी नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है ।

बरवाडीह(लातेहार): चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने शुक्रवार को बरवाडीह प्रखंड के मंगरा गांव पहुंचकर प्रस्तावित अंडरपास निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है और अगले 10 दिनों के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सांसद ने कहा कि चुनाव के दौरान किया गया वादा पूरा करने के लिए वह मंगरा आए हैं और क्षेत्र का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है।
सांसद ने कहा कि जिस मंगरा गांव में चुनाव के दौरान उनके खिलाफ नारे लगे थे, वहीं के लोगों ने उन्हें भारी समर्थन देकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का विश्वास उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है और अंडरपास निर्माण पूरा होने के बाद वह इसी रास्ते से होकर गांव आएंगे।इस अवसर पर सांसद ने मंगरा रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण कराने का भी आश्वासन दिया। साथ ही पहाड़ी शिव मंदिर जाने वाले मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज निर्माण को लेकर सकारात्मक पहल करने की बात कही।
सांसद ने क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए बताया कि बरवाडीह-चिरमिरी नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है और इसी वर्ष परियोजना पर कार्य शुरू होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह रेल परियोजना क्षेत्र में विकास, रोजगार, व्यापार, पर्यटन और बेहतर रेल संपर्क का नया अध्याय लिखेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना पूरे क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
मंगरा के पूर्व मुखिया सूर्यदेव सिंह के आवास पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में सांसद ने प्रबुद्धजनों, ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। ग्रामीणों द्वारा मंगरा विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाए जाने पर सांसद ने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश देते हुए एक सप्ताह के भीतर शिक्षक उपलब्ध कराने को कहा। वहीं बिजली समस्या को लेकर दो नए पोल लगाने की मांग पर उन्होंने विभागीय एसडीओ से बात कर दो दिनों के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।कार्यक्रम के दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने फलदार पौधों का रोपण किया। सांसद का भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया, वहीं सांसद ने भी कई कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया।मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव, भाजयुमो जिलाध्यक्ष छोटू राजा, सांसद प्रतिनिधि कन्हाई सिंह, ईश्वरी सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, दीपक तिवारी, दीपक राज, मोहिबुदीन अंसारी, श्यामली शर्मा, सूर्यदेव सिंह, कमलेश यादव, विनोद यादव, मनोज प्रसाद, विष्णु राम, सुशीला देवी, प्रवीण कुमार, बंटी कुमार, नन्देव सिंह, पवन कुमार, मकसूद आलम सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।