बरवाडीह में भाकपा माले का प्रतिरोध मार्च, अमित शाह का पुतला दहन कर प्रिंस खान की गिरफ्तारी की मांग
भाकपा माले नेताओं ने सरकार से मांग की कि धनबाद में कानून-व्यवस्था मजबूत करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

बरवाडीह: राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत मंगलवार को बरवाडीह के बहेराटाड़ में भाकपा माले की ओर से प्रतिरोध मार्च निकाला गया।जिला कमेटी सदस्य रमेश कुमार की अध्यक्षता में बहेराटाड़ अस्पताल के पास से शुरू हुआ मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए नीलांबर-पीतांबर चौक पहुंचा, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने "भाकपा माले जिंदाबाद", "प्रिंस खान सहित उसके संरक्षकों को गिरफ्तार करो", "माफिया और बुलडोजर राज ध्वस्त करो", "विधायक अरूप चटर्जी की सुरक्षा की गारंटी करो" तथा "धनबाद में माफिया राज नहीं चलेगा" जैसे नारे लगाए। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव बिरजू राम ने आरोप लगाया कि धनबाद में माफिया गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है और विधायक अरूप चटर्जी को धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी गरीबों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी और किसी भी तरह के माफिया राज का विरोध करेगी।वक्ताओं ने कथित तौर पर प्रिंस खान एवं उसके संरक्षकों की गिरफ्तारी, विधायक अरूप चटर्जी की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा माफिया गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। सभा को कमलेश सिंह, सुदामा राम, मंजू देवी सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम के अंत में भाकपा माले नेताओं ने सरकार से मांग की कि धनबाद में कानून-व्यवस्था मजबूत करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।