ताज़ा-ख़बर

कुकड़ू में बिजली व्यवस्था सुधारने को लेकर विभाग संग हुई अहम बैठक, जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने रखीं कई मांगें

रिपोर्ट: MANISH 1 दिन पहलेझारखण्ड

खुले तार हटाने से लेकर नए ट्रांसफार्मर व लाइनमैन की नियुक्ति तक उठी मांग, नियमित बिजली आपूर्ति पर दिया गया जोर

कुकड़ू में बिजली व्यवस्था सुधारने को लेकर विभाग संग हुई अहम बैठक, जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने रखीं कई मांगें

कुकड़ू : सरायकेला-खरसावां जिले के प्रखंड कुकड़ू में लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था में सुधार को लेकर गुरुवार को तिरुलडीह विद्युत फीडर कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो की उपस्थिति में सरायकेला-खरसावां के जिला कार्यपालक अभियंता (विद्युत) तथा विभागीय अधिकारियों के साथ संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे बिजली उपभोक्ताओं ने विभाग के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रथम चरण में कुकड़ू प्रखंड की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान खुले बिजली तारों को हटाकर केबल तार लगाने, जर्जर एवं टूटे हुए बिजली खंभों को बदलने, आवश्यकता वाले गांवों में नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा पर्याप्त संख्या में लाइनमैन की नियुक्ति करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा बिजली मित्रों के माध्यम से प्रत्येक माह बिजली बिल स्लिप का वितरण एवं संग्रह सुनिश्चित करने, तिरुलडीह फीडर में योग्य एवं अनुभवी कर्मियों की नियमित तैनाती, आकस्मिक बिजली बाधित होने की सूचना के लिए मोबाइल ग्रुप बनाने तथा सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता द्वारा क्षेत्र का नियमित निरीक्षण कराने का भी प्रस्ताव रखा गया। बैठक में किसानों को रैयती भूमि पर नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा बिजली तार की चपेट में आने से पशुओं की मृत्यु होने पर लंबित मुआवजा राशि का शीघ्र भुगतान करने की भी मांग की गई। जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति लोगों की मूलभूत आवश्यकता है। विभाग को जनहित के मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवा मिल सके। बैठक में कुकड़ू प्रखंड के सभी पंचायतों के बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.