ताज़ा-ख़बर

अवैध निर्माण पर निगम का चला बुलडोजर, मॉल में किए गए अवैध निर्माण ध्वस्त

रिपोर्ट: Amit Sahay2 घंटे पहलेझारखण्ड

बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन करने पर हुई कार्रवाई: नगर आयुक्त

अवैध निर्माण पर निगम का चला बुलडोजर, मॉल में किए गए अवैध निर्माण ध्वस्त

गिरिडीह : नगर निगम गिरिडीह के शहर क्षेत्रो में अवैध निर्माण के खिलाफ शुक्रवार को अंबेडकर चौक स्थित भीम ज्वैलर्स की पाँच मंजिला बिल्डिंग के स्वीकृत मानचित्र से अधिक क्षेत्र पर किए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। इस मौके पर नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा, कार्यापालक दंडाधिकारी विनोद सिंह, अर्बन प्लानर मंजूर आलम, नगर थाना प्रभारी रतन सिंह समेत कई आलाअधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा ने बताया कि शहर में भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करने वाले कई भवनों की पहचान की गई है। इसी क्रम में संबंधित भवन मालिक को पहले नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर नियम विरुद्ध हिस्से को हटाने का निर्देश दिया गया था। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद भी कोई कदम नहीं उठाए जाने पर निगम ने स्वयं कार्रवाई करने का निर्णय लिया।श्री बिरुवा ने बताया कि भवन का निर्माण स्वीकृत मानचित्र से अधिक क्षेत्र में किया गया था। नियमों के अनुरूप संशोधन या अवैध हिस्से को हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन भवन स्वामी की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद निगम को नियमानुसार ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू करनी पड़ी। नगर क्षेत्र में अवैध निर्माण पर निगरानी रखी जा रही है और भवन उपविधियों का उल्लंघन करने वाले अन्य मामलों में भी कार्रवाई की जाएगी। निगम का उद्देश्य शहर में सुनियोजित और सुरक्षित निर्माण व्यवस्था सुनिश्चित करना है।उन्होने लोगों से भवन निर्माण करने से पहले स्वीकृत नक्शा लेने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने का अपील किया है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई की नौबत न आए।

इन्हें भी पढ़ें.