ताज़ा-ख़बर

मधुश्री महतो के हस्तक्षेप का असर, दारुदा बालिका विद्यालय को मिले विज्ञान व अंग्रेजी के शिक्षक

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

जल, बिजली और शिक्षकों की समस्या के स्थायी समाधान का भरोसा, छात्राओं की सुविधाओं पर जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो का जोर

मधुश्री महतो के हस्तक्षेप का असर, दारुदा बालिका विद्यालय को मिले विज्ञान व अंग्रेजी के शिक्षक

कुकड़ू : झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय, दारुदा में मंगलवार को विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्राण चंद्र महतो की अध्यक्षता में शिक्षकों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो और प्रखंड प्रमुख प्रतिमा सिंह पातर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बैठक में विद्यालय की मूलभूत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान अभिभावकों ने आवासीय विद्यालय में जल संकट, बिजली की अनियमित आपूर्ति, विषयवार शिक्षकों की कमी तथा अनुशासन संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इन परेशानियों के कारण छात्राओं की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि छात्राओं को बेहतर शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की समस्याओं से संबंधित विभागीय अधिकारियों को बैठक के साथ-साथ लिखित रूप से भी अवगत कराया गया है ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। मधुश्री महतो के प्रयासों का तत्काल असर भी देखने को मिला। उनके हस्तक्षेप के बाद विद्यालय में एक विज्ञान एवं एक अंग्रेजी शिक्षक की प्रतिनियुक्ति कर दी गई। इसके अलावा उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर विद्यालय परिसर में जल्द से जल्द चापाकल का निर्माण कराया जाए जिससे छात्राओं को पेयजल संकट से राहत मिल सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जल, बिजली और शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाया जाएगा, ताकि दूरदराज क्षेत्र की छात्राओं की शिक्षा किसी भी परिस्थिति में बाधित न हो। बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, स्थानीय मुखिया, वार्ड सदस्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.