डीबीएल सेंट्रल कॉल कंपनी ने उभरते खिलाड़ी को दिया आर्थिक सहयोग
आलू बेड़ा के निकोलस मुर्मू एशिया टैलेंट हंट सीजन-5 में भाग लेने मुंबई रवाना

By Ajay Kumar आमडापाडा : पचवारा सेंट्रल कोल परियोजना क्षेत्र में फुटबॉल खेल को बढ़ावा देने तथा गांव के उभरते खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग व आर्थिक मदद देने के उद्देश्य से डीबीएल सेंट्रल कॉल कंपनी लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में परियोजना क्षेत्र के आलू बेड़ा गांव के उभरते नौजवान फुटबॉल खिलाड़ी निकोलस मुर्मू (19 ) को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित एशिया टैलेंट हंट सीजन-5 में भाग लेने हेतु कंपनी द्वारा आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।
बताया गया कि क्षेत्र स्तर पर चयन के पश्चात निकोलस मुर्मू का चयन एशिया टैलेंट हंट सीजन-5 में हुआ है, जो मुंबई के नरीमन प्वाइंट स्थित कॉर्पोरेट स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने एवं टीमों में चयन हेतु मुंबई जाने के लिए डीबीएल कंपनी द्वारा आर्थिक सहायता दी गई।
पिछले दिन डीबीएल कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक समन्वय संजीव कुमार सिंह ने निकोलस मुर्मू को आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर कंपनी के पदाधिकारी जेपी राय एवं संजय दास सहित आलू बेड़ा के ग्रामीण राजू मुर्मू, जॉन हांसदा, बबलू मुर्मू, बार्निवास मुर्मू, राम मुर्मू सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
वहीं निकोलस मुर्मू आलू बेड़ा से दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) होते हुए मुंबई के लिए रवाना हो चुके हैं। दूसरी ओर बुधवार को आलू बेड़ा गांव की टीम को कंपनी के पदाधिकारी जेपी राय एवं संजय दास द्वारा दो फुटबॉल एवं जर्सी सेट प्रदान कर ग्रामीण खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया गया।
अवगत हो कि डीबीएल कॉल कंपनी समय-समय पर परियोजना क्षेत्र के कई गांवों में फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन कर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करती रही है।