ताज़ा-ख़बर

आवास योजना में पैसे लेने के आरोप पर सख्त हुए डीडीसी, पंचायत सेवक से मांगा जाएगा जवाब

रिपोर्ट: अकरम 1 दिन पहलेझारखण्ड

बरवाडीह में विकास योजनाओं की समीक्षा, खराब चापाकल और जलमीनार जल्द दुरुस्त करने का निर्देश

आवास योजना में पैसे लेने के आरोप पर सख्त हुए डीडीसी, पंचायत सेवक से मांगा जाएगा जवाब

बरवाडीह : लातेहार जिले के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) मोहम्मद सय्यद रियाज़ अहमद ने मंगलवार को बरवाडीह प्रखंड में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रेखा रेशमा मिंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान डीडीसी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, पेयजल, बाल विकास परियोजना, जेएसएलपीएस समेत अन्य योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने आवास योजना से संबंधित ग्रामसभा कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरतने और पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया। समीक्षा के दौरान बरवाडीह पंचायत में आवास योजना की जियो टैगिंग के नाम पर पंचायत सेवक विजय शंकर राम पर पैसे लेने के लगाए गए आरोपों का मामला भी उठा। डीडीसी ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ को पंचायत सेवक से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी योजना में अनियमितता या शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। बैठक में क्षेत्र के खराब पड़े चापाकलों और जलमीनारों को शीघ्र दुरुस्त कर पेयजल व्यवस्था बहाल करने का भी निर्देश दिया गया ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इससे पूर्व उप विकास आयुक्त ने मंगरा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया और विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने बेतला के अखरा में निर्मित पुलिस पिकेट का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक एवं निरीक्षण कार्यक्रम में अंचल अधिकारी लोकेश कुमार सिंह, बीपीओ दिलशाद आलम, सहायक अभियंता प्रभाकर मणि, पेयजल विभाग के जेई पीयूष रंजन, आवास समन्वयक शिव यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

इन्हें भी पढ़ें.