ताज़ा-ख़बर

नेपाल में जल प्रलय: 157 की मौत, करीब 700 लोग लापता

रिपोर्ट: VBN News Desk3 घंटे पहलेविदेश

भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ से तीन जिलों में तबाही, 384 पर्यटकों से टूटा संपर्क; 139 भारतीय और 37 भारतीय मूल के एनआरआई भी लापता

नेपाल में जल प्रलय: 157 की मौत, करीब 700 लोग लापता

Agency काठमांडू। नेपाल के रसुवा और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। नेपाल पुलिस के अनुसार, आपदा में अब तक कम से कम 157 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 700 लोग लापता हैं। लापता लोगों में विदेशी नागरिकों के साथ नेपाल पुलिस, नेपाली सेना और सशस्त्र प्रहरी बल के जवान भी शामिल हैं। तीन जिलों में बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

बाढ़ की तेज धार में देखते ही देखते घर, वाहन, सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचे बह गए। इसे नेपाल की हाल के वर्षों की सबसे घातक जल आपदाओं में से एक बताया जा रहा है। अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में शव बरामद किए गए हैं। नारायणी नदी से 64 शव मिले हैं। इसके अलावा गोरखा से 19, धादिंग से 18, नुवाकोट से 11, तनहु से नौ और नवलपरासी से एक शव बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक 245 स्थानीय लोग अब भी संपर्कविहीन हैं। वहीं नेपाल पुलिस के 26, नेपाली सेना के 22 और सशस्त्र प्रहरी बल के 13 जवान लापता बताए गए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 384 पर्यटकों से भी संपर्क टूट गया है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार इनमें 139 भारतीय नागरिक और 37 भारतीय मूल के एनआरआई शामिल हैं।

नेपाल पुलिस के मुताबिक बाढ़ में घायल 81 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव अभियान में अब तक 216 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें 123 लोगों को हेलीकॉप्टर और 93 लोगों को जमीनी माध्यम से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।

बाढ़ ने नेपाल के परिवहन और संपर्क तंत्र को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 35 पुल और 45 सस्पेंशन ब्रिज बह गए, जबकि करीब 40 किलोमीटर हाईवे बाढ़ की चपेट में आया है। कई इलाकों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन कई प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।

इन्हें भी पढ़ें.