ताज़ा-ख़बर

शुभम साहू हत्याकांड: न्याय की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा जनसैलाब, बहन की दर्दभरी पुकार से नम हुईं आंखें

रिपोर्ट: Roshan Sahdeo19 घंटे पहलेझारखण्ड

हत्यारों को फांसी देने की मांग, महिलाओं ने किया जोरदार प्रदर्शन; प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई का दिया भरोसा

शुभम साहू हत्याकांड: न्याय की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा जनसैलाब, बहन की दर्दभरी पुकार से नम हुईं आंखें

लोहरदगा। युवा व्यवसायी शुभम साहू हत्याकांड में पुलिस द्वारा आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि किए जाने के बाद शनिवार को मृतक के परिजन, मोहल्लेवासी और बड़ी संख्या में महिलाएं न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गईं। एसपी सादिक अनवर रिजवी द्वारा प्रेस वार्ता कर मामले के उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी दिए जाने के तुरंत बाद आक्रोशित लोगों ने एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों के खिलाफ फास्ट ट्रैक सुनवाई, कठोरतम कानूनी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। पूरे परिसर में "शुभम को न्याय दो", "हत्यारों को फांसी दो" जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। लोगों का कहना था कि केवल गिरफ्तारी से न्याय पूरा नहीं होगा, बल्कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो समाज के लिए मिसाल बने।

बहन की चीख-पुकार से भावुक हुआ माहौल

प्रदर्शन के दौरान सबसे मार्मिक दृश्य तब सामने आया जब मृतक शुभम साहू की बहन रोते-बिलखते पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाने लगी। उसने नम आंखों से कहा कि उसके भाई के जाने के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। उसकी दर्दभरी आवाज में बार-बार यही सवाल गूंज रहा था कि अब परिवार का सहारा कौन बनेगा, पिता और दादा की देखभाल कौन करेगा और उसके भविष्य की जिम्मेदारी कौन उठाएगा। बहन की इस करुण पुकार को सुनकर मौके पर मौजूद कई लोगों की आंखें भर आईं और माहौल बेहद भावुक हो गया।

महिलाओं का उग्र प्रदर्शन, पुलिस रही मुस्तैद 21.jpg

एसपी कार्यालय के मुख्य द्वार पर बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं को पुलिस ने सुरक्षा कारणों से गेट पर ही रोक दिया। इसी दौरान एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा मौके पर पहुंचीं और महिलाओं से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि महिलाएं लगातार न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी करती रहीं और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग पर अड़ी रहीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे परिसर में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।

प्रशासन ने दिया न्याय का भरोसा

काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि मामले में कानून के तहत त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद धीरे-धीरे लोगों का आक्रोश शांत हुआ। हालांकि मृतक के परिजनों और मोहल्लेवासियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक उनका संघर्ष और न्याय की मांग जारी रहेगी। शुभम साहू की हत्या ने पूरे लोहरदगा को झकझोर दिया है। गिरफ्तारी के बाद भी लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है और आमजन अब दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर दंडात्मक कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

इन्हें भी पढ़ें.