एनआईटी जमशेदपुर में गूंजा नशा मुक्त युवा-विकसित भारत का संकल्प, छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली
पीएम मोदी के संबोधन का हुआ सजीव प्रसारण, युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत-2047 निर्माण का संकल्प

आदित्यपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में रविवार को नशा मुक्त युवा - विकसित भारत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नशा मुक्त युवा - विकसित भारत 2047 विषय पर संबोधन का डीजेएलएचसी-212 सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं के एकत्रीकरण के साथ हुई। इसके बाद छात्रावास परिसर से मुख्य भवन तक नशा मुक्त युवा रैली निकाली गई। रैली को संस्थान के प्रभारी निदेशक प्रो. आर. वी. शर्मा, डीन (छात्र कल्याण) प्रो. सरोज कुमार सारंगी, डीन (संकाय कल्याण) प्रो. दिलीप कुमार, डीन (अनुसंधान एवं परामर्श) प्रो. सतीश कुमार, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रभारी निदेशक प्रो. आर. वी. शर्मा ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है तथा नशामुक्त जीवन ही स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है। वहीं प्रो. सरोज कुमार सारंगी ने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल समन्वयन एनएसएस समन्वयक डॉ. जयेंद्र कुमार ने किया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत-विकसित भारत 2047 के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के लिए आयोजित हाई टी के साथ हुआ।