ताज़ा-ख़बर

50 लाख की साइबर ठगी मामले में सूरत क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, बेंगाबाद से तीन आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: Amit Sahay2 घंटे पहलेझारखण्ड

वेबसाइट के जरिए ठगी का आरोप, मोबाइल-बैंक खातों की जांच तेज, बड़े साइबर नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना

50 लाख की साइबर ठगी मामले में सूरत क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, बेंगाबाद से तीन आरोपी गिरफ्तार

बेंगाबाद/गिरिडीह : गुजरात के सूरत सिटी क्राइम ब्रांच और गिरिडीह जिले की बेंगाबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर एक वेबसाइट के माध्यम से लोगों से बड़ी रकम की साइबर ठगी करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक इस मामले में सबसे पहले एक आरोपी को देवरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था जो मूल रूप से बिशनपुर गांव का रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर सूरत सिटी क्राइम ब्रांच और बेंगाबाद पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर बिशनपुर से दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया। तीनों आरोपियों से बेंगाबाद थाना में देर शाम तक गहन पूछताछ की गई। जांच एजेंसियां आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। सूत्रों के अनुसार इस साइबर ठगी मामले में किसी जनप्रतिनिधि से भी बड़ी रकम की ठगी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस संबंध में सूरत सिटी क्राइम ब्रांच और बेंगाबाद पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने और पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं तथा यह पता लगाया जा रहा है कि इस साइबर ठगी गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं। संयुक्त कार्रवाई को साइबर अपराध के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

इन्हें भी पढ़ें.