ताज़ा-ख़बर

प्रवीण सेवा संस्थान के छठे रक्तदान शिविर में पहुंचे प्रो. कालीपद सोरेन, बोले- रक्तदान से बड़ा कोई मानव सेवा नहीं

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

रक्तदाता ही समाज के सच्चे नायक, स्व. प्रवीण सिंह को श्रद्धांजलि देकर युवाओं से नियमित रक्तदान का किया आह्वान

प्रवीण सेवा संस्थान के छठे रक्तदान शिविर में पहुंचे प्रो. कालीपद सोरेन, बोले- रक्तदान से बड़ा कोई मानव सेवा नहीं

आदित्यपुर : सामाजिक संस्था प्रवीण सेवा संस्थान द्वारा आयोजित छठे रक्तदान शिविर में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता एवं शिक्षाविद प्रो. कालीपद सोरेन मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने स्वर्गीय प्रवीण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रक्तदाता, संस्था के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। अपने संबोधन में प्रो. कालीपद सोरेन ने कहा कि प्रवीण सेवा संस्थान जैसे सामाजिक संगठनों के निरंतर प्रयासों से जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध हो पाता है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और किसी गंभीर मरीज को समय पर मिला रक्त उसके लिए नया जीवन साबित होता है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर तभी सफल माना जाएगा जब अधिक से अधिक युवा इससे प्रेरित होकर नियमित रक्तदाता बनें। रक्तदाताओं को समाज का वास्तविक नायक बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके निस्वार्थ योगदान से अनगिनत लोगों की जान बचाई जा सकती है। स्वर्गीय प्रवीण सिंह को याद करते हुए प्रो. सोरेन ने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित किया। उनके विचारों, सेवा भावना और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे प्रवीण सिंह के आदर्शों को अपनाते हुए समाज और मानवता की सेवा के लिए आगे आएं तथा नियमित रक्तदान को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी बनाएं। कार्यक्रम के दौरान प्रो. कालीपद सोरेन ने रक्तदाताओं को सम्मानित किया तथा प्रवीण सेवा संस्थान के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।

इन्हें भी पढ़ें.