बरवाडीह में मंडल स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता, बच्चों ने रंगों में उकेरा विकसित भारत 2047 का सपना
रेलवे स्काउट एंड गाइड के आयोजन में निखरी नन्हे कलाकारों की प्रतिभा, विजेताओं को मिलेगा सम्मान

बरवाडीह, लातेहार : भारतीय रेल द्वारा बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को बरवाडीह रेलवे स्पोर्ट्स क्लब में मंडल स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक एवं वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी, धनबाद के निर्देश पर भारतीय रेल स्काउट एंड गाइड, बरवाडीह के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगों के माध्यम से विकसित भारत की अपनी कल्पना को साकार किया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय (भारत 1947 से 2047 तक विकास की ओर) रखा गया था। इसके साथ ही सामाजिक प्रगति, पर्यावरण संरक्षण, सुशासन एवं विकसित भारत जैसे विषयों पर प्रतिभागियों ने आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक सोच का परिचय दिया। बच्चों की चित्रकला में स्वच्छ भारत, हरित पर्यावरण, आधुनिक भारत और सामाजिक जिम्मेदारी की झलक देखने को मिली। प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में आयोजित किया गया। पहले वर्ग में 5 से 12 वर्ष तथा दूसरे वर्ग में 13 से 18 वर्ष तक के बच्चों ने भाग लिया। रेलवे की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा जबकि सर्वश्रेष्ठ चित्र बनाने वाले बच्चों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अनुभाग अभियंता एवं स्काउट मास्टर मोहम्मद आसिफ इकबाल तथा स्काउट मास्टर सैफुल्ला आजमी के नेतृत्व में किया गया। समारोह में यूनियन के ब्रांच सेक्रेटरी सुनील सिंह मुख्य अतिथि तथा सांसद प्रतिनिधि दीपक राज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा एसएसई सरोज सिंह, कांग्रेस नेता रंजीत कुमार राजू, शिक्षक गुलाम अनवर, काजमी अनवर, राजू रामदास, अरुण कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथि सुनील सिंह ने कहा कि चित्रकला बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को निखारने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन उन्हें देश के विकास, सामाजिक जिम्मेदारियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाते हैं। वहीं आयोजक मोहम्मद आसिफ इकबाल ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को विकसित भारत की परिकल्पना को अपनी कल्पनाशक्ति के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर देना है। विशिष्ट अतिथि दीपक राज ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को मंच देना राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं स्काउट मास्टर सैफुल्ला आजमी ने बताया कि बरवाडीह क्षेत्र के इच्छुक बच्चे रेलवे अथवा रेलवे से बाहर स्काउट एंड गाइड से जुड़ने के लिए 6202607050 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रतियोगिता का समापन बच्चों के उत्साह और बेहतर भविष्य की उम्मीदों के साथ हुआ।