केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में “दिशा” बैठक सम्पन्न
विकास योजनाओं की प्रगति, विद्युत व्यवस्था एवं पेयजल संकट पर हुई व्यापक समीक्षा

जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर
गिरिडीह अमित सहाय केंद्रीय मंत्री सह कोडरमा लोकसभा सांसद अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में मंगलवार को नगर भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास मंत्री सह सदर विधायक गिरिडीह सुदिव्य कुमार सोनू, सांसद गिरिडीह चन्द्रप्रकाश चौधरी, राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद, डुमरी विधायक जयराम महतो, बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो, जमुआ विधायक मंजु कुमारी, जिप अध्यक्षा मुनिया देवी, महापौर प्रमिला मेहरा के अलावे उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधिक्षक डॉ बिमल कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत संरचनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आमजनों से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों एवं क्षेत्रीय समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी बिंदुवार समीक्षा की गई।
निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल सुनिश्चित करे, लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजनों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा तकनीकी खराबियों का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली एवं पेयजल दोनों आमजनों की प्राथमिक आवश्यकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विद्युत विभाग को प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन, सही बिजली बिल उपलब्ध कराने तथा खराब ट्रांसफार्मर एवं तकनीकी अवरोधों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं जिले में पेयजलापूर्ति व्यवस्था पर उपायुक्त को निर्देशित किया कि जलापूर्ति योजनाओं की सतत निगरानी के लिए विशेष टीम गठित की जाए, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को शामिल किया जाए। साथ ही खराब पड़े पानी टैंकरों एवं पानी टंकियों की अविलंब मरम्मती सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। जहां आवश्यकता हो वहां वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा जल संकट वाले क्षेत्रों में नियमित रूप से पानी टैंकर भेजने का निर्देश भी दिया गया।
राशन वितरण व्यवस्था में अनियमितता न हो
बैठक में आपूर्ति विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि राशन वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। सभी लाभुकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जन वितरण प्रणाली की नियमित निगरानी कर शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने को कहा गया।
योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता हो
बैठक के दौरान मनरेगा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क निर्माण, समाज कल्याण, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, विद्युत एवं आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। माननीय केंद्रीय मंत्री ने निर्देशित किया कि सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सभी पीएचसी एवं सीएचसी में चिकित्सक, दवाएं, मेडिकल उपकरण एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जर्जर भवनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि चिकित्सक नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्रों में उपस्थित रहें। विद्यालय भवनों की जर्जर स्थिति की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को संयुक्त रूप से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा सड़क, पुलिया एवं अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।