सिगरेट मांगने को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, मुख्य आरोपी विशाल कुमार सिंह गिरफ्तार
सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और मोबाइल बरामद

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतवाहिनी-जमालपुर में बीते 9 नवंबर की शाम हुए सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी विशाल कुमार सिंह (26 वर्ष) को शुक्रवार को सापड़ा पुल के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। शुक्रवार को आदित्यपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि मृतक सोनू कुमार और आरोपी विशाल कुमार सिंह के बीच पिछले कुछ महीनों से दोस्ती थी। पुलिस के अनुसार 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे दोनों एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सिगरेट मांगने को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान विशाल ने कमर में रखी पिस्टल निकालकर सोनू को गोली मार दी। गोली लगने से सोनू की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी उसी रात डिमना चौक से बस पकड़कर बिहार के शेरघाटी फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को शेरघाटी से लौटने के दौरान पुलिस ने सापड़ा पुल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 325/2026 दर्ज किया गया है। छापेमारी दल में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, थाना प्रभारी अंजनी कुमार, पु०अ०नि० कार्तिकेय सिंह, असलम अंसारी, राजेन्द्र कुमार, सुनील सिंह, हिरालाल कुमार, अमीश कुमार, विक्रमादित्य पाण्डेय, बिश्वजीत कुमार तिवारी तथा टाइगर मोबाइल के आरक्षी नीतीश कुमार शामिल थे। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी को मामले के उद्भेदन की अहम कार्रवाई बताया है।