आदित्यपुर के श्रीडूंगरी में रास्ते के अतिक्रमण को लेकर विवाद, श्रीनाथ ग्रुप के प्रोपराइटर सुखदेव महतो पर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
काली मंदिर परिसर में आमसभा के दौरान बढ़ा विवाद, ग्रामीणों ने सुखदेव महतो और उनके साथ आए लोगों का किया विरोध

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत श्रीडूंगरी में रास्ते के कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने श्रीनाथ ग्रुप के प्रोपराइटर सुखदेव महतो पर दबंगई के बल पर रास्ते का अतिक्रमण करने का प्रयास करने और ग्रामीणों को धमकाने का आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों पर सुखदेव महतो का पक्ष सामने नहीं आया है। ग्रामीणों के अनुसार सुखदेव महतो कथित तौर पर लालटू महतो और कुछ बाउंसरों के साथ मौके पर पहुंचते हैं। आरोप है कि इस दौरान स्थानीय लोगों को जगह छोड़कर चले जाने की धमकी दी जाती है। इसी विवाद को लेकर शनिवार को श्रीडूंगरी स्थित काली मंदिर परिसर में ग्रामीणों की आमसभा बुलाई गई थी। बताया जाता है कि आमसभा के दौरान सुखदेव महतो और लालटू महतो के पहुंचने पर ग्रामीणों के साथ विवाद बढ़ गया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उनका विरोध किया और उन्हें वहां से जाने पर मजबूर कर दिया। घटना के बाद सुखदेव महतो ने पुलिस को बुलाया। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में भी ग्रामीण अपनी मांग पर डटे रहे और हंगामे के बीच दोबारा विरोध जताया। इस दौरान जेएलकेएम पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अभिजीत महतो, स्थानीय समाजसेवी महादेव महतो समेत कई ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते को लेकर उत्पन्न विवाद का समाधान कराया जाना चाहिए ताकि स्थानीय लोगों के आवागमन में बाधा न आए और क्षेत्र में तनाव की स्थिति समाप्त हो।