पारिवारिक कलह से आहत मां ने दो बेटियों संग कुएं में लगाई छलांग, दोनों मासूमों की मौत
ग्रामीणों ने महिला को जीवित निकाला, पति पर शराब के नशे में मारपीट और प्रताड़ना के आरोप; पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

नावा बाजार (पलामू)। पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कंडा पंचायत के कंडा गांव में बुधवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से परेशान एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों को कुएं में डालने के बाद स्वयं भी कुएं में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में दोनों बच्चियों की मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों ने महिला को जीवित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, कंडा गांव निवासी छोटे लाल प्रजापति की पत्नी सरिता देवी ने अपनी बेटियों प्रिय कुमारी (7 वर्ष) और डॉली कुमारी (5 वर्ष) को घर के समीप स्थित कुएं में डाल दिया। इसके बाद वह स्वयं भी कुएं में कूद गई। बड़ी बेटी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि दोनों मासूम बच्चियों को बचाया नहीं जा सका।
ग्रामीणों के अनुसार, सरिता देवी का पति छोटे लाल प्रजापति शराब के नशे में अक्सर पत्नी के साथ मारपीट और विवाद करता था। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि तीन बेटियां होने के कारण महिला को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि लंबे समय से चले आ रहे मानसिक तनाव के कारण महिला ने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही नावा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।