VB-G RAM G अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका सुदृढ़ीकरण के साथ पारदर्शिता पर बल

गिरिडीह: ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, आजीविका सुदृढ़ करने और ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण अधिनियम को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त रामनिवास यादव कि अध्यक्षता मे प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिनियम के उद्देश्य, प्रमुख प्रावधान, कार्यान्वयन प्रक्रिया तथा विभिन्न स्तरों पर पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इस प्रशिक्षण शिविर में उपायुक्त ने कहा कि VB-G RAM G ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अधिनियम के प्रावधानों का गंभीरता से अध्ययन कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर सही योजना, समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण निष्पादन और नियमित अनुश्रवण से ही योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचेगा। कार्यों के चयन में निर्धारित प्रक्रिया का पालन, पारदर्शिता, अंतर-विभागीय समन्वय, अभिलेख संधारण और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृति कुमारी ने कहा कि अधिनियम की सफलता के लिए पदाधिकारियों, तकनीकी कर्मियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। पंचायत स्तर पर आवश्यकता के आधार पर कार्यों का चयन कर गुणवत्ता और समयबद्धता बरती जाए। कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता यश कुमार, परियोजना पदाधिकारी, सभी प्रमुख, बीपीओ, एई, जेई, मुखिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी बीडीओ वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े रहे । परियोजना पदाधिकारी ने अधिनियम के प्रावधानों और निगरानी प्रक्रिया की जानकारी दी।