गांडेय में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में हंगामा: स्थानीय युवाओं को किया गया नजरअंदाज, दूसरे प्रखंड के लोगों को मिली प्राथमिकता
दूसरे प्रखंड के युवाओं को लाभ मिलने पर फूटा गुस्सा

गिरिडीह: गांडेय प्रखंड परिसर में आयोजित दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस सह DL बनाने वाले शिविर में भारी हंगामा हुआ। आरोप है कि शिविर में स्थानीय युवाओं को नजरअंदाज कर दूसरे प्रखंडों से आए लोगों को प्राथमिकता दी गई। इससे नाराज गांडेय के युवाओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
दूसरे प्रखंड के युवाओं को लाभ मिलने पर फूटा गुस्सा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिविर में जब गांडेय प्रखंड के स्थानीय युवाओं के आवेदन लिए जा रहे थे तो विभिन्न नियमों और तकनीकी अड़चनों का हवाला देकर उन्हें वापस लौटा दिया गया। वहीं अन्य प्रखंडों से पहुंचे युवकों के लाइसेंस आसानी से बना दिए गए।
इस दोहरी नीति से नाराज स्थानीय युवाओं ने शिविर में मौजूद टीम के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की पहल पर शांत हुआ मामला हंगामे की सूचना मिलते ही गांडेय थाना की पुलिस बल, प्रखंड प्रमुख राजकुमार पाठक और प्रखंड विकास पदाधिकारी निसात अंजुम तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया।
हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अन्य प्रखंडों के युवक शिविर का लाभ उठाकर अपने कागजात पूरे कर चुके थे, जबकि गांडेय के स्थानीय युवाओं को केवल आश्वासन ही मिला।
प्रखंड प्रमुख ने जताई नाराजगी मामले को लेकर गांडेय प्रखंड प्रमुख राजकुमार पाठक ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इस पूरी व्यवस्था को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जिस प्रखंड में शिविर का आयोजन किया गया था, वहीं के स्थानीय युवाओं को मायूसी हाथ लगी और वे शिविर का लाभ पाने से वंचित रह गए।
उन्होंने मांग की है कि भविष्य में ऐसे शिविरों में स्थानीय नागरिकों और युवाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए ताकि इस तरह की अव्यवस्था दोबारा न फैले।