कांड्रा में 14-15 अगस्त को फुटबॉल महाकुंभ, अंतिम चरण में तैयारियां
बंगाल-ओडिशा समेत कई राज्यों से पहुंचेंगे खिलाड़ी, समापन के बाद होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम

कांड्रा : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा स्थित पदमपुर बालीडीह मैदान में डिबा किशुन मेमोरियल क्लब की ओर से 14 और 15 अगस्त को आयोजित होने वाले भव्य फुटबॉल टूर्नामेंट की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रतियोगिता को लेकर आयोजन समिति पिछले एक माह से तैयारियों में जुटी है। टूर्नामेंट में आसपास के क्षेत्रों के अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों से फुटबॉल खिलाड़ी एवं खेलप्रेमियों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार दो दिवसीय प्रतियोगिता को लेकर मैदान की व्यवस्था, खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं और आयोजन से जुड़ी अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। टूर्नामेंट को लेकर स्थानीय खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। झामुमो के केंद्रीय सदस्य सह आयोजनकर्ता कृष्णा बास्के ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में फुटबॉल को बढ़ावा देना और स्थानीय खिलाड़ियों को दूसरे राज्यों से आने वाली टीमों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार तैयारी की जा रही है और टूर्नामेंट को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि फुटबॉल प्रतियोगिता की समाप्ति के बाद संध्या में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से खेल के साथ स्थानीय संस्कृति और मनोरंजन को भी मंच देने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के खेलप्रेमियों एवं ग्रामीणों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।