ताज़ा-ख़बर

गढ़वा में डीजे विवाद ने पकड़ा तूल, सड़क जाम कर धरने पर बैठा हिंदू समुदाय

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

गिरफ्तारी और थाना प्रभारी हटाने की मांग तेज, तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात

गढ़वा में डीजे विवाद ने पकड़ा तूल, सड़क जाम कर धरने पर बैठा हिंदू समुदाय

गढ़वा : जिले के रमकांडा थाना क्षेत्र में डीजे विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को हिंदू समुदाय के लोगों ने बैठक के बाद रमकांडा, भंडरिया और डाल्टेनगंज मुख्य सड़क को पुराना थाना मोड़ के पास जाम कर दिया और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और थाना प्रभारी को हटाने की मांग की है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मौके पर दो अनुमंडल के डीएसपी, इंस्पेक्टर, चार थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। बताया जाता है कि बुधवार शाम हिंदू समुदाय के लोग कौआखोह शिव चबूतरा में महावीर पताका स्थापना के लिए डीजे के साथ गए थे। पूजा के बाद लौटने के दौरान दूसरे समुदाय के कुछ लोगों द्वारा डीजे बंद कराने और कथित नारेबाजी से विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और झड़प की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया था। इसके बावजूद गुरुवार सुबह हिंदू समुदाय के लोग एकजुट होकर सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए। प्रशासन ने कई मांगों पर सहमति जताई है लेकिन तत्काल गिरफ्तारी को लेकर गतिरोध बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद ही विधिसम्मत कार्रवाई की जा सकती है। आंदोलनरत लोगों द्वारा आवेदन सौंपे जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया है और गिरफ्तारी के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी हालांकि इलाके में तनाव अब भी बना हुआ है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

इन्हें भी पढ़ें.