दोहरे हत्याकांड का खुलासा, अंधविश्वास और जमीन विवाद में दंपती की हुई थी निर्मम हत्या, सात आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह पुलिस की बड़ी सफलता, विशेष जांच दल ने सुलझाई चर्चित वारदात, हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद

गिरिडीह : जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के दलान चलकरी गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपती की हत्या अंधविश्वास, जादू-टोना के शक और पारिवारिक भूमि विवाद के कारण की गई थी। मामले में संलिप्त सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि 2 और 3 जून की मध्यरात्रि मधुबन थाना क्षेत्र के दलानचलकरी गांव स्थित तिरिलटॉड़ टोला में अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परनी देवी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज शुरू होने से पहले ही दोनों की मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरी मो. आबिद खान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गहन अनुसंधान किया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक दंपती और उनके गोतिया पक्ष के लोगों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। साथ ही जादू-टोना को लेकर भी आपसी तनाव बना हुआ था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से दंपती की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में दलानचलकरी गांव के जाहेर टोला निवासी सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक लोहे की तलवार, दो लोहे के छूरे, एक गुलाबी रंग का सूती गमछा तथा खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि रमेश हांसदा, पाण्डु हांसदा और विजय हांसदा ने धारदार हथियारों से हमला कर हत्या को अंजाम दिया था, जबकि दोधमा हांसदा, बबलु हांसदा, मोती हांसदा और सिकरा हांसदा ने अपराध में सहयोग किया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई को लेकर पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।