वार्ड 17 में धूमधाम से मनी डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती, पार्षद नीतू शर्मा रहीं मुख्य अतिथि
तेजस्विनी महिला संगठन के कार्यक्रम में सामाजिक एकता का संदेश, नीतू शर्मा ने बताई अंबेडकर की विचारधारा की प्रासंगिकता

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 17 में तेजस्विनी महिला संगठन द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर नीतू शर्मा ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं से शिक्षा, जागरूकता और अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और एकता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में तेजस्विनी महिला संगठन की नूतन कुमारी, सविता कुमारी, अर्चना कुमारी, अंजुषा कुमारी, सुमन श्रीवास्तव, आदित्य श्रीवास्तव, आशीष आकाश एवं आकांक्षा कुमारी की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और युवा उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।