रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा में धार्मिक उत्साह, पंज प्यारों की अगुवाई में संपन्न हुआ अमृतपान, 39 श्रद्धालु बने खालसा
अकाली दल के आयोजन में गूंजी गुरु की बाणी, खालसा पंथ की परंपरा को मिला विस्तार

जमशेदपुर : खालसा साजना दिवस (बैसाखी) के पावन अवसर पर अकाली दल जमशेदपुर द्वारा रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब में भव्य अमृत संचार समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 39 सिख श्रद्धालुओं ने अमृत छककर गुरु के सच्चे खालसा का स्वरूप धारण किया। समारोह में पंज प्यारों के रूप में जत्थेदार भाई सुखदेव सिंह खालसा, भाई रविंदर सिंह, भाई गुरदीप सिंह, भाई हरजीत सिंह एवं भाई रविंदर पाल सिंह ने भाग लिया। इन सभी ने श्रद्धालुओं को खंडे-बाटे की पाहुल देकर अमृतधारी बनाया। कार्यक्रम में चरनजीत सिंह ग्रंथी सिंह की भूमिका में उपस्थित रहे जबकि प्रीतपाल सिंह और अमृतपाल सिंह ने सेवादार के रूप में अहम योगदान दिया। इस मौके पर अकाली दल के प्रतिनिधि भाई रविंदर पाल सिंह ने बैसाखी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल एक पर्व नहीं बल्कि खालसा पंथ की स्थापना का ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने इसी दिन पंच प्यारों के माध्यम से खालसा पंथ की नींव रखी थी जो अन्याय के खिलाफ संघर्ष और समानता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि अमृत छकने वाले सभी 39 श्रद्धालुओं ने इस महान परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम के अंत में सभी नए अमृतधारी सिखों को बधाई दी गई तथा गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से संगत और सेवादारों का आभार व्यक्त किया गया।